Explore

Search

September 27, 2026 12:59 am

खपरगंज हिंसा मामले के आरोपी रामसिंह ठाकुर को अंबिकापुर जेल भेजा गया, सुरक्षा को लेकर जताई थी चिंता

CBN36 बिलासपुर। खपरगंज हिंसा मामले में न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर को अंबिकापुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है। शनिवार को करीब 3 बजे पुलिस सुरक्षा के बीच उसे बिलासपुर से अंबिकापुर के लिए रवाना किया गया। जेल अधीक्षक खोगेश मंडावी ने भी इसकी पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, रामसिंह ठाकुर ने स्वयं सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उसने बताया कि बिलासपुर जेल में उसके कुछ विरोधी बंद हैं और यहां उसकी जान को जोखिम हो सकता है। इसी वजह से उसने अंबिकापुर जेल भेजे जाने की इच्छा जताई थी। इसके बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के पहलुओं पर विचार किया।

एसपी ने अंबिकापुर भेजने की तैयारी कराई

रामसिंह की सुरक्षा संबंधी आशंका और जेल में मौजूद अन्य बंदियों से संभावित विवाद की स्थिति को देखते हुए एसपी ने उसे अंबिकापुर जेल स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कराई। प्रशासन की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद उसे अंबिकापुर जेल के लिए रवाना किया गया।

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को देखते हुए फैसला

खपरगंज मामले के बाद बिलासपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार सतर्क है। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने और सभी पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रामसिंह ठाकुर को बिलासपुर से बाहर अंबिकापुर जेल भेजने का निर्णय लिया गया।

आरोपी को अंबिकापुर जेल भेजे जाने के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

जेल के बाहर जुटे थे समर्थक

रामसिंह ठाकुर को बिलासपुर केंद्रीय जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आने के बाद उसके समर्थकों की भीड़ जेल के बाहर जुट गई थी। ऐसे में उसकी सुरक्षा और शहर में कानून-व्यवस्था को देखते हुए उसे दूसरे जिले की जेल में भेजने का निर्णय अहम माना जा रहा है।

अब तक 30 आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि खपरगंज मामले में पुलिस अब तक 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से की गई थी। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए।

रामसिंह ठाकुर को अंबिकापुर जेल भेजे जाने के बाद भी मामले में पुलिस की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता बिलासपुर में शांति, सुरक्षा और सामान्य माहौल बनाए रखना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS