चौकी में शिकायत करने जा रहे थे तीनों, रास्ते में फिर घेरकर हमला; डंडे, लात-घूंसों से मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
CBN36 जांजगीर-चांपा। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के बाद शिकायत दर्ज कराने चौकी जा रहे 74 वर्षीय बुजुर्ग समेत तीन लोगों को रास्ते में घेरकर फिर पीटा गया। आरोप है कि बुजुर्ग को जमीन पर पटककर सिर और छाती पर गंभीर चोट पहुंचाई गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना बलौदा थाना क्षेत्र की पंतोरा चौकी अंतर्गत ग्राम गतवा की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पहले विसर्जन के दौरान हुआ विवाद, फिर रास्ते में दोबारा भिड़े
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। राहुल ने घटना की जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी। रोहित मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई।
इसके बाद रोहित, राहुल और 74 वर्षीय जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पंतोरा चौकी के लिए रवाना हुए। बताया गया कि गांव के हाईस्कूल के पास रास्ते में शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप मिल गए।
हाईस्कूल के पास फिर शुरू हुई मारपीट
पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान विवाद फिर बढ़ गया और आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिव कश्यप ने डंडे से हमला किया, जबकि नारायण कश्यप और संजय कश्यप ने हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की। सविता कश्यप पर राहुल कश्यप को पकड़कर मारपीट करने का आरोप है।
इसी दौरान जोत राम कश्यप को जमीन पर पटक दिया गया। उनके सिर और छाती में गंभीर चोट आई। चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
चारों आरोपी पुलिस गिरफ्त में
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
विवेचना के बाद पुलिस ने शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
- शिव कुमार कश्यप, पिता महेश राम कश्यप, निवासी गतवा
- संजय कश्यप, पिता महेश राम कश्यप, निवासी गतवा
- नारायण कश्यप, पिता शिव कुमार कश्यप, निवासी गतवा
- सविता कश्यप, पति शिव कुमार कश्यप, निवासी गतवा
कार्रवाई में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा, पंतोरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक केके साहू, एएसआई जयनंदन मार्बल तथा आरक्षक दिलीप माथुर, युवराज सिंह, रामगोपाल और अहमद कुरैशी का योगदान रहा।
प्रधान संपादक




