
‘जीरो वेस्ट’ गतिविधियों में रेलवे स्कूल और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, बिलासपुर स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से यात्रियों को किया जागरूक
CBN36 बिलासपुर, 26 सितंबर। खेल के मैदान में बच्चों ने दौड़ लगाई, बैडमिंटन खेला और इसी बहाने स्वच्छता का पाठ भी सीखा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत 25 और 26 सितंबर को एनईआई इंस्टीट्यूट स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और खेल मैदानों में ‘जीरो वेस्ट’ खेल गतिविधियां आयोजित की गईं।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ है। अभियान का मकसद स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर आम लोगों, खासकर बच्चों को इससे जोड़ना है।
खेल के बीच समझाया कचरे का हिसाब

रेलवे स्कूलों और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने दौड़, बैडमिंटन समेत विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साह से हिस्सा लिया। खेल के साथ बच्चों को यह भी बताया गया कि मैदान हो या सार्वजनिक स्थान, कचरा फैलाने के बजाय उसे निर्धारित कूड़ेदान में डालना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
विद्यार्थियों को जीरो वेस्ट की अवधारणा समझाते हुए गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्टेशन पर बच्चों ने संभाला मोर्चा
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर स्काउट-गाइड के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया। बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से रेलवे परिसर में कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
तालाब और जलस्रोत भी किए गए साफ

अभियान के दौरान बिलासपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के आसपास स्थित जल निकायों और तालाबों की भी विशेष सफाई कराई गई। जलस्रोतों के आसपास जमा प्लास्टिक, कचरा और अन्य अपशिष्ट हटाकर आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा किया गया।
रेलवे मंडल की ओर से अभियान के जरिए यह संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छता केवल सफाई करने तक सीमित नहीं, बल्कि कचरा पैदा होने से रोकने और उसके सही निस्तारण की जिम्मेदारी भी हर व्यक्ति की है।
प्रधान संपादक




