Explore

Search

September 26, 2026 3:06 am

पुराने निजी विवाद की चिंगारी से खपरगंज में बवाल, पथराव-तोड़फोड़ के आरोपी रामसिंह को पन्ना से दबोचा

“दो पक्षों में भिड़ंत के बाद पुलिस पर पथराव, कई जवान घायल; 700 जवानों ने संभाला था मोर्चा, वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की हुई थी पहचान”

CBN36 बिलासपुर। दो लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे निजी विवाद की चिंगारी ने खपरगंज में बवाल करा दिया। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की गई। हालात काबू करने पहुंची पुलिस पर पत्थर बरसाए गए, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हुए,स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग के साथ आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

अब इसी मामले में पुलिस ने एक और आरोपी रामसिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 489/2026 में पुलिस ने उसे ग्राम माकरी कुठार, थाना बृजपुर, जिला पन्ना स्थित उसके मित्र धीरेन्द्र पटेल के घर से दबोचा। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

निजी विवाद था मूल वजह

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम की शुरुआत दो लोगों के बीच पुराने व्यक्तिगत विवाद से हुई थी। विवाद ने जब हिंसक रूप लिया तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस का कहना है कि बाद में मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई। पुलिस अब घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य फुटेज खंगालकर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी कर रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है ।

पुलिस पहुंची तो बरसने लगे पत्थर

विवाद की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थिति और बिगड़ गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू हो गया। कई पुलिसकर्मी घायल हुए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

हंगामे के दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। हालात को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। करीब 700 जवानों को मैदान में उतारा गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति की निगरानी की।

तीन आरोपी पहले ही जेल में, अब रामसिंह की बारी

अपराध क्रमांक 489/2026 में पुलिस पहले ही राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे घटना के दौरान उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ करेगी।

50 से ज्यादा पर केस, फुटेज में तलाशे जा रहे चेहरे

बवाल के बाद पुलिस ने 50 से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद और अज्ञात में मामले दर्ज किए हैं। पुलिस की नजर अब उन चेहरों पर है, जो पथराव और तोड़फोड़ में शामिल थे। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और उपलब्ध फुटेज को जांच का आधार बनाया गया और कई लोगों की गिरफ्तारी की गई ।

घटना के बाद खपरगंज समेत संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई और चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात किए गए और लगातार पेट्रोलिंग की गई तब जा कर मामले को नियंत्रित किया गया । पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS