Explore

Search

September 23, 2026 12:29 am

श्रद्धा और सेवा के बीच मनाया श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस

कलश यात्रा और प्रभात फेरी में उमड़ा उत्साह, विचार गोष्ठी के बाद हुआ भंडारा

CBN36 बिलासपुर। श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा कोनी का 66वां स्थापना दिवस सोमवार को अघोरपीठ आश्रम परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर धार्मिक, आध्यात्मिक और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। समूह के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पांच बजे आश्रम परिसर की साफ-सफाई और श्रमदान से हुई। इसके बाद सुबह छह बजे अरपा नदी से कलशों में जल भरकर श्रद्धालुओं ने सामूहिक जयघोष और संकीर्तन के साथ कलश यात्रा निकाली। सुबह सात बजे कार और बाइक से प्रभात फेरी निकाली गई। यह आश्रम से कोनी, सीपत चौक, नया पुल, नेहरू चौक, राजेंद्र नगर, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, तेलीपारा, गोलबाजार, सदर बाजार और देवकीनंदन चौक होते हुए पुराने पुल व सीपत चौक के रास्ते वापस आश्रम पहुंची।

सुबह नौ बजे आश्रम परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद पावन सद्ग्रंथ सफल योनि का पाठ, पूजा-अर्चना और आरती हुई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

समूह के उद्देश्यों और सेवा कार्यों पर हुई चर्चा

स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह 11:30 बजे पारिवारिक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें श्री सर्वेश्वरी समूह के उद्देश्यों, सेवा कार्यों और सामाजिक सरोकारों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर शाखा के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा सहित श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्य, श्रद्धालु और गणमान्यजन मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान अघोरपीठ आश्रम परिसर श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना से सराबोर रहा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS