Explore

Search

September 21, 2026 7:36 pm

सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर गतिविधियों की समीक्षा की

CBN36 रायपुर, 21 सितंबर। मुख्य सचिव विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान को महज एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी और एक-दूसरे की मदद की संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम बनाने के निर्देश दिए।

प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने कलेक्टरों और अधिकारियों से कहा कि अभियान की गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रभारी मंत्रियों के मार्गदर्शन में ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों में लोगों को सहभागी बनाकर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए।

उन्होंने शिविरों में केंद्र सरकार की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं को शामिल करने और पात्र हितग्राहियों की जानकारी अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही फसल गिरदावरी सर्वे, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।

23 सितंबर से शुरू होंगी सेवा मेरा योगदान की गतिविधियां

23 से 25 सितंबर तक सभी जिलों के नगरीय निकाय क्षेत्रों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सेवा एवं स्वच्छता, अन्न एवं वस्त्र दान, विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग, कौशल एवं ज्ञान दान, हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, अंगदान एवं देहदान, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता तथा स्थानीय उत्पादन और महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

मुख्य सचिव ने एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवकों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों और ‘मेरा युवा भारत’ सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। सभी गतिविधियों को फोटोग्राफ्स सहित माय भारत पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

अंग और देहदान करने वाले परिवार होंगे सम्मानित

मुख्य सचिव ने कहा कि मृत परिजनों द्वारा देह या अंगदान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाए। जिन लोगों को दान किए गए अंगों से लाभ मिला है, उनके परिवारों को भी कार्यक्रमों में शामिल कर उनकी प्रतिक्रिया ली जाए। उन्होंने अंगदान को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके लिए आगे आएं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 10 हजार पौधों का रोपण

‘हरित छत्तीसगढ़’ अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से स्थानीय प्रजातियों के 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य सचिव ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प एवं दान उत्सव में होंगी कई गतिविधियां

23 से 25 सितंबर तक प्रदेश के सभी जिलों के नगरीय निकायों में सेवा संकल्प एवं दान उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में इसका व्यापक आयोजन होगा। इस दौरान सेवा एवं स्वच्छता, विद्या दान, शिक्षा सहयोग, अन्न एवं वस्त्र दान, कौशल एवं ज्ञान दान, प्रशिक्षण, जल संरक्षण और जलस्रोतों की साफ-सफाई जैसी गतिविधियां होंगी।

पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक उन्मूलन से संबंधित गतिविधियों के साथ महा रक्तदान, मेगा कैंप और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। महा अन्नदान अभियान, गरिमा किट वितरण, बुक ट्री, स्कूल किट और वंचित बच्चों को शिक्षा में सहयोग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि दान उत्सव का लाभ अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचे। सामाजिक संस्थाओं और समितियों को भी अभियान से जोड़ा जाए। उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को उत्सव के समापन पर सम्मानित करने के निर्देश दिए गए।

सेवा सेतु शिविरों में आवेदनों का समयबद्ध निराकरण

मुख्य सचिव ने सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को प्रोएक्टिव होकर कार्य करने और शिविरों को परिणाम आधारित बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से संबंधित शिकायतों की समीक्षा कर उनका भी समयबद्ध निराकरण करने को कहा गया।

गिरदावरी में शुद्धता और विश्वसनीयता पर जोर

फसल गिरदावरी सर्वे के दौरान शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने तहसीलदारों और पटवारियों के कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा।

जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की साप्ताहिक समीक्षा

मुख्य सचिव ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। 15 अक्टूबर तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नल कनेक्शन देने और उन्हें क्रियाशील करने की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि उपअभियंताओं की कमी होने पर अन्य निर्माण विभागों के उपअभियंताओं की भी ड्यूटी लगाई जाए।

कलेक्टरों को जल जीवन मिशन की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के निर्धारित लक्ष्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। रिपोर्टिंग व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा कि वे अपने जिले के लीडर हैं और सभी अभियानों का प्रभावी नेतृत्व करते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी गूगल शीट में व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि जिलेवार प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी, सेवा भावना और सामाजिक सहयोग का स्थायी माध्यम बनाया जाए। सभी विभाग और जिला प्रशासन समन्वय के साथ काम करते हुए अभियान को प्रभावी परिणामों तक पहुंचाएं।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। सभी संभागायुक्त, कलेक्टर और प्रमुख जिला अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS