CBN36 जांजगीर-चांपा। विवेचना में गंभीर लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने सख्त कार्रवाई की है। एसपी ने थाना नवागढ़ में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) रामकृष्ण आदित्य को रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 196/2026 में धारा 281, 125(1) बीएनएस के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान विवेचना में गंभीर चूक सामने आई। प्रकरण में ग्राम गंगाजल निवासी चंद्रशेखर यादव उर्फ मंझला को नामजद आरोपी बनाया गया था। आरोप है कि विवेचक ने नामजद आरोपी के स्थान पर उसके भाई चंद्र कुमार यादव को प्रकरण में आरोपी बना दिया और उसे जमानत मुचलके पर छोड़ दिया।
मामले की जांच में प्रथम दृष्टया विवेचना कार्यवाही में लापरवाही पाए जाने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने एएसआई रामकृष्ण आदित्य के खिलाफ कार्रवाई की। उन्हें तत्काल प्रभाव से थाना नवागढ़ से हटाकर रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया है। इसके साथ ही पूरे मामले में विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक मामलों की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच अधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह तथ्यों और दस्तावेजों का सही तरीके से परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करे। इस मामले में की गई कार्रवाई को इसी सख्ती के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रधान संपादक




