Explore

Search

September 20, 2026 7:36 pm

भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर वायर चोरी के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

पहले पकड़े गए आरोपियों से 160 किलो कॉपर वायर समेत 47 हजार रुपये का माल बरामद

CBN36 भिलाई/दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12 स्थित कोक ओवन क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की पहचान निखिल कुमार साहू (20) और किशन ठाकुर (22), निवासी जोरातराई, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात करीब 11 बजे बीएसपी के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी से कुछ लोग कॉपर वायर चोरी कर ले जा रहे थे। ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ की टीम ने कुछ आरोपियों को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया था। इसके बाद 13 अगस्त को भिलाई भट्ठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये है, और सात हजार रुपये का स्मार्टफोन बरामद किया था। कुल जब्ती 47 हजार रुपये की थी।

दीवार फांदकर प्लांट में घुसते थे

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर दीवार फांदकर बीएसपी परिसर में प्रवेश करते थे और कॉपर वायर समेत अन्य सामग्री चोरी करने का प्रयास करते थे। घटना के बाद से फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने जोरातराई क्षेत्र में दबिश देकर निखिल साहू और किशन ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों के घटना में शामिल होने की बात सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी प्रभारी निरीक्षक दिलीश्वर चन्द्रवंशी, सउनि भारत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक आशीष प्रसाद और अमित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने नागरिकों से औद्योगिक संस्थानों और सार्वजनिक संपत्तियों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS