50 से अधिक पदाधिकारियों और नागरिकों ने जाना विश्वविद्यालय का शैक्षणिक व सांस्कृतिक सफर
CBN36 वर्धा, 20 सितंबर। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर विचार मंच, आकोट के 50 से अधिक पदाधिकारियों और नागरिकों ने रविवार को महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों और सामाजिक-सांस्कृतिक उपक्रमों की जानकारी ली।
विश्वविद्यालय पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने समता भवन स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अभिवादन किया। इसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी भवन स्थित स्वामी सहजानंद सरस्वती संग्रहालय का भ्रमण किया। यहां प्रतिनिधिमंडल ने भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी पांडुलिपियों, पत्रों तथा विभिन्न मासिक पत्रिकाओं के प्रथम अंकों सहित संरक्षित साहित्यिक धरोहर का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विश्वविद्यालय के परिसर, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों और शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। मंच के अध्यक्ष सुरेशराव गवई ने कहा कि महाराष्ट्र के इकलौते केंद्रीय विश्वविद्यालय में देश के साथ विदेशों से भी विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। यह क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
जनसंपर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे और संग्रहालय के प्रभारी सहायक संपादक डॉ. अमित विश्वास ने प्रतिनिधिमंडल को विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा से अवगत कराया।
इस अवसर पर वर्धा के सेवानिवृत्त शिक्षक मनोहर लांडगे, आकोट के पुरुषोत्तम भटकर, खैरे, तुलसीदास रायबोले, गौतम खंडारे, सज्जन निकालजे, प्रकाश कमलेश, रमेश कोल्हे और रामधन बोबडे सहित अन्य उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




