Explore

Search

September 20, 2026 6:52 pm

हार से निराश नहीं, सीख लेकर आगे बढ़ें खिलाड़ी: तोखन साहू

राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विजेताओं को बांटे पदक, अभिभावकों का भी हुआ सम्मान,18 जिलों से पहुंचे खिलाड़ी

CBN36 बिलासपुर। बहतराई स्थित स्व. बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान के इंडोर स्टेडियम में चल रही 21वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय क्यूरुगी ताइक्वांडो प्रतियोगिता और दूसरी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पुम्से ताइक्वांडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को पदक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न आयु और वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों होती हैं। हार से किसी खिलाड़ी को निराश नहीं होना चाहिए। असफलता से सीख लेकर और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के साथ अनुशासन और निरंतर अभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और बिलासपुर ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

18 जिलों से पहुंचे खिलाड़ी

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से करीब 570 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक और टीम अधिकारी शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता में सब जूनियर, कैडेट, जूनियर बालक-बालिका और सीनियर पुरुष-महिला वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। क्यूरुगी में खिलाड़ी फाइट और पुम्से में तकनीकी कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। विभिन्न आयु और वजन वर्गों में मुकाबले कराए जा रहे हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

बच्चों के साथ अभिभावकों का भी सम्मान

समारोह में शहर के विभिन्न ताइक्वांडो क्लबों में प्रशिक्षण लेने वाले बच्चों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। बच्चों को खेल के लिए लगातार प्रोत्साहित करने और उनके खेल करियर को आगे बढ़ाने में योगदान देने के लिए उन्हें सम्मान दिया गया। छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के सचिव रामपुरी गोस्वामी ने कहा कि किसी बच्चे को खेल के प्रति समर्पित करने में अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उनके सहयोग और प्रोत्साहन से खिलाड़ी लंबे समय तक खेल से जुड़े रहकर बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े और आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इंटरनेशनल रेफरी क्यूरुगी एवं पुम्से सुंदरमनी पटेल के तकनीकी मार्गदर्शन में मुकाबले संचालित हो रहे हैं। मंच संचालन प्रधान पाठक नागेंद्र सिंह पेंड्रा ने किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS