Explore

Search

September 20, 2026 3:40 pm

26 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

लोरमी पुलिस ने छह चोरी की मोटरसाइकिलें कीं बरामद, 2.10 लाख रुपये का माल जब्त

CBN 36 लोरमी। खुड़िया डेम में घूमने गए युवक की बाइक चोरी होने के मामले में लोरमी पुलिस ने महज 26 घंटे में चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2.10 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला 17 सितंबर का है। बिलासपुर के मंगला निवासी चंद्रशेखर पटेल अपनी मां के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-10 एटी-2684 से खुड़िया डेम घूमने पहुंचे थे। उन्होंने बाइक खुड़िया बांध के उलट के पास खड़ी की और अपनी मां के साथ डेम की ओर चले गए। करीब एक घंटे बाद वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद 18 सितंबर को उन्होंने थाना लोरमी में शिकायत दर्ज कराई।

मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच से पहुंचे आरोपियों तक

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस ने जांच तेज की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता से पुलिस ने अमलडीही निवासी चरन कुर्रे (22) और अमित चेलकर (21) को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने खुड़िया डेम से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अन्य स्थानों से भी पांच मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी। दोनों आरोपियों ने चोरी की तीन-तीन बाइक अपने घर में छिपाकर रखना बताया।

दोनों के घर से मिलीं तीन-तीन बाइक

चरन कुर्रे की निशानदेही पर पुलिस ने तीन मोटरसाइकिल बरामद कीं। इनमें हीरो एचएफ डीलक्स की काली, लाल और काला-लाल रंग की बाइक शामिल हैं। वहीं अमित चेलकर की निशानदेही पर हीरो एचएफ डीलक्स काला-लाल रंग, हीरो कंपनी की काली बाइक और होंडा साइन सिल्वर रंग की बाइक बरामद की गई।

पुलिस ने कुल छह मोटरसाइकिलें, कीमत 2.10 लाख रुपये, जब्त की हैं। मामले में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 19 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, ईश्वर मरावी, कवि टोप्पो, युगल किशोर, रेखराम नेताम और सैनिक कुलदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुंगेली पुलिस की अपील-संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल दें सूचना

जिला पुलिस ने नागरिकों से घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को सूचना देने कहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS