मोनिका यादव और मंजू राय चौधरी के परिजनों से संपर्क, रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित लौट रहे
CBN36 रायपुर, 28 अगस्त। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रशासन लगातार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटा रहा है। अब तक 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई है। इनमें दो नागरिकों के परिजनों से संपर्क हो चुका है, रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौट रहे हैं। वहीं बिलासपुर की प्रियंका चौधरी और सुरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता के लापता होने की सूचना है।
मोनिका और मंजू के परिजनों से संपर्क
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूटने की सूचना मिली थी। प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क स्थापित कर लिया है और उनकी स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क हो गया है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन कर आवश्यक समन्वय कर रहा है।
बिलासपुर और सुरगुजा की दो महिलाएं लापता
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वह फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी तलाश के प्रयास जारी हैं।
सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता भी नेपाल में लापता बताई गई हैं। वह यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान नेपाल-चीन सीमा पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय बताया गया है। उनकी जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।
रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित
रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर सुरक्षित हैं। पांचों 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय
आपदा की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रही है। नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाया गया है। सरकार ने प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
हेल्पलाइन: टोल फ्री 1070 | कंट्रोल रूम 0771-2223471
प्रधान संपादक




