Explore

Search

August 28, 2026 8:33 pm

रक्षाबंधन पर रायगढ़ पुलिस ने मनाया ‘साइबर सुरक्षा बंधन’, लोगों को साइबर ठगी से बचने का दिया संदेश

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता ,उन्होंने लोगों से OTP, PIN और बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वयं के साथ परिवार और परिचितों को भी साइबर सुरक्षित बनाना जरूरी है”

CBN36 रायगढ़। रक्षाबंधन के पर्व पर रायगढ़ पुलिस ने आमजन को साइबर अपराधों से बचाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया। छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ नाम दिया गया। पुलिस ने लोगों से ‘जागरूकता की राखी’ के साथ सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की।

शारडा एनर्जी प्लांट में कर्मचारियों को किया जागरूक

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ग्राम बिंजकोट स्थित शारडा एनर्जी प्लांट पहुंचे। यहां अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस ने बताया कि ठग बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, बिजली विभाग, कूरियर कंपनी या अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं का अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते हैं। डराने या लालच देने के बाद बैंकिंग और निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जाता है। फर्जी केवाईसी, इनाम-लॉटरी, नौकरी और निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और QR कोड से होने वाली ठगी से भी सावधान रहने की अपील की गई।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों को समझाइश

प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन और केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में यात्रियों व आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।

पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, ATM PIN, CVV और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने और उनके वीडियो कॉल रिसीव करने से बचने को कहा गया।

‘जागरूकता की राखी’ के साथ लिया साइबर सुरक्षा का संकल्प

रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिसकर्मियों ने ‘जागरूकता की राखी’ के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की। पुलिस ने संदेश दिया कि जिस तरह राखी सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, उसी तरह साइबर जागरूकता स्वयं और परिवार को ऑनलाइन ठगी से बचाने का मजबूत माध्यम है।

एसएसपी ने कहा-जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता है। उन्होंने लोगों से OTP, PIN और बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वयं के साथ परिवार और परिचितों को भी साइबर सुरक्षित बनाना जरूरी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS