Explore

Search

August 28, 2026 8:22 pm

रायगढ़ में महिला से छेड़खानी और मारपीट का आरोप, सरपंच समेत चार गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति स्पष्ट है। महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है”

जोबी पुलिस ने दो मोटरसाइकिल और वीडियो बनाने वाला मोबाइल किया जब्त, सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर

CBN36 रायगढ़, 28 अगस्त। महिला एवं नाबालिगों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और छेड़खानी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम ओंगना का सरपंच अमित राठिया भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

घर में घुसकर मारपीट और छेड़खानी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को 50 वर्षीय महिला ने चौकी जोबी में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपने घर पर थी। इसी दौरान अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया, धनसिंह राठिया और इगेन्द्र राठिया वहां पहुंचे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए महिला से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी इज्जत लेने के उद्देश्य से कपड़े खींचकर उतारने का प्रयास किया। वह किसी तरह घर से निकलकर गली में पहुंची, जहां अनिल राठिया ने उसे पीछे से पकड़ लिया और अमित व धनसिंह उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े खींचने लगे।

मोबाइल से बनाया घटना का वीडियो

शिकायत के अनुसार, इस दौरान इगेन्द्र राठिया मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहा था। महिला की आवाज सुनकर बचाव के लिए पहुंचे ग्रामीणों के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

इन धाराओं में केस दर्ज

महिला की रिपोर्ट पर चौकी जोबी, थाना खरसिया में अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया, धनसिंह राठिया और इगेन्द्र राठिया के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 76 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दो बाइक और मोबाइल जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स और पल्सर मोटरसाइकिल तथा वीडियो रिकॉर्ड करने में इस्तेमाल ओप्पो मोबाइल फोन जब्त किया है।

चारों आरोपी जेल भेजे गए

विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने अमित राठिया पिता बलदेव सिंह (36), अनिल कुमार राठिया पिता बलदेव सिंह (30), धनसिंह राठिया पिता जेठूराम (52) और इगेन्द्र राठिया पिता धनसिंह (22) को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, अमित राठिया ग्राम ओंगना का सरपंच है, जबकि अन्य आरोपी आँगना (धरमजयगढ़) और जोबी क्षेत्र के निवासी हैं।

एसएसपी ने कहा- महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई प्राथमिकता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला संबंधी मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS