Explore

Search

August 28, 2026 6:41 pm

रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, हेरोइन-गांजा और नशीली गोलियों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

CBN36 रायपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने एक साथ तीन बड़ी कार्रवाई की हैं। पश्चिम जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने हेरोइन/चिट्टा, गांजा और प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 10.59 ग्राम हेरोइन, करीब दो किलो गांजा और 1590 नग Nitrazepam (Nitrosun 10mg) टैबलेट बरामद की गई हैं। आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल, चार मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और नकदी भी जब्त की गई है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रोबिन्सन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना आमानाका, थाना कबीर नगर और थाना डीडी नगर पुलिस ने कार्रवाई की।

टाटीबंध चौक के पास हेरोइन के साथ घनश्याम गिरफ्तार

थाना आमानाका पुलिस को 27 अगस्त को गश्त के दौरान सूचना मिली कि टाटीबंध चौक के पास एक व्यक्ति हेरोइन/चिट्टा बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान घनश्याम कौशिक उर्फ गड्डू (39), निवासी टाटीबंध, रायपुर के रूप में हुई।

तलाशी में उसके कब्जे से 10.59 ग्राम हेरोइन/चिट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत 1,05,900 रुपये है, बरामद हुई। पुलिस ने हीरो पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-AC-1668, एक वनप्लस स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की। कुल जब्ती की कीमत करीब 1,50,900 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 21(B) NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है।

अटारी ओवरब्रिज के पास 1590 नशीली गोलियां बरामद

थाना कबीर नगर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने 26 अगस्त को अटारी ओवरब्रिज के पास दबिश देकर नागेश ध्रुव (20) को पकड़ा। वह प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा था।

तलाशी में 16 पैकेटों में 159 स्ट्रिप और कुल 1590 नग Nitrazepam Tablet IP (Nitrosun 10mg) बरामद हुईं। इनकी एमआरपी 12,720 रुपये है। आरोपी के पास से 500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत 38,220 रुपये बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 173/2026, धारा 22(ग) NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी इंद्रानगर, कुरूद, जिला धमतरी का निवासी है।

लेदर बैग में गांजा लेकर जा रहा था रवि, पुलिस ने दबोचा

थाना डीडी नगर पुलिस ने 27 अगस्त को सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रवि उर्फ चिन्ना राव (करीब 30 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी सरोना, रायपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी काले रंग के लेदर बैग में गांजा लेकर इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से रायपुर हॉस्पिटल की ओर पैदल जा रहा है।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी में बैग से करीब दो किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 540/2026, धारा 20(बी) NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

तीनों कार्रवाई में नशे के खिलाफ सख्ती

रायपुर पुलिस की इन तीन कार्रवाइयों में मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी एवं बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS