Explore

Search

August 28, 2026 5:51 pm

आईजी रेंज ने मुंगेली में शुरू कराया ई-मालखाना, अब बारकोड से ट्रैक होगी केस प्रॉपर्टी

बिलासपुर संभाग में पहली बार दो थानों में शुरू हुआ डिजिटल मालखाना सिस्टम, आईजी रामगोपाल गर्ग की पहल से पुलिसिंग में तकनीक का नया अध्याय,आगे और विस्तार की तैयारी

CBN36 मुंगेली। बिलासपुर रेंज में पुलिसिंग को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने बड़ी पहल की है। आईजी ने 27 अगस्त को मुंगेली जिले के थाना जरहागांव और फास्टरपुर में ‘ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम’ का शुभारंभ किया। बिलासपुर संभाग में पहली बार दो थानों में यह व्यवस्था शुरू की गई है। अब थानों के मालखाने में रखी केस प्रॉपर्टी और जब्त सामान का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और हर सामग्री की पहचान यूनिक बारकोड से की जाएगी।

मालखाने की व्यवस्था होगी डिजिटल

अपराध, मर्ग और अन्य प्रकरणों में जब्त नकदी, वाहन, हथियार, एनडीपीएस व आबकारी एक्ट से संबंधित सामग्री समेत अन्य केस प्रॉपर्टी अब डिजिटल रिकॉर्ड के साथ सुरक्षित रखी जाएगी। बारकोड स्कैन करते ही संबंधित सामान और उससे जुड़े प्रकरण की जानकारी सिस्टम में आसानी से हासिल की जा सकेगी।

चंद सेकंड में मिलेगी केस प्रॉपर्टी की जानकारी

अभी बड़ी संख्या में जब्त सामग्री के रिकॉर्ड को संभालना पुलिस के लिए चुनौती रहता है। ई-मालखाना सिस्टम से किसी भी केस प्रॉपर्टी को खोजने में लगने वाला समय कम होगा। यूनिक बारकोड के जरिए सामान की पहचान और उसकी ट्रैकिंग भी आसान हो जाएगी।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

आईजी रामगोपाल गर्ग की इस पहल का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड को डिजिटल करना नहीं, बल्कि मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित करना है। डिजिटल रिकॉर्ड से केस प्रॉपर्टी से संबंधित जानकारी जरूरत के समय तत्काल उपलब्ध हो सकेगी।

आईजी गर्ग बोले- तकनीक आधारित पुलिसिंग समय की जरूरत

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि बिलासपुर रेंज में पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने और लंबित कार्यों के त्वरित एवं व्यवस्थित निराकरण पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ई-मालखाना सिस्टम इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे मुंगेली पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिक आधुनिक, व्यवस्थित एवं जवाबदेह बनेगी।

एसएसपी भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में पहल

आईजी के निर्देशन और एसएसपी भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में मुंगेली पुलिस लगातार तकनीक आधारित व्यवस्थाओं को अपनाने पर काम कर रही है। ई-मालखाना सिस्टम के जरिए पुलिस थानों में रिकॉर्ड प्रबंधन को नई डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।

दो थानों से शुरुआत, आगे और विस्तार की तैयारी

जरहागांव और फास्टरपुर थानों से शुरू हुई यह व्यवस्था आने वाले समय में पुलिसिंग के अन्य स्तरों पर भी तकनीकी उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बनेगी। मुंगेली पुलिस का लक्ष्य आधुनिक तकनीक के जरिए नागरिकों को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी पुलिसिंग उपलब्ध कराना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS