“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा रोमांच और सोशल मीडिया के व्यूज के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें अभिभावक भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे खतरनाक स्टंट से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।”
छत्तीसगढ़।रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर बाइक स्टंट कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले युवकों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पांच युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार मेडिकल कॉलेज के पीछे पाइप लाइन कार्य के लिए समतल की गई सड़कनुमा भूमि पर कुछ युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाकर खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इन स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वहां बड़ी संख्या में युवकों की भीड़ जुटने लगी थी। इससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने डीएसपी ट्रैफिक और चक्रधरनगर थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने संबंधित स्थल पर अवरोधक लगाए और क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं निगरानी बढ़ा दी।
पुलिस कार्रवाई के बावजूद युवक दोबारा स्टंट करने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़कर एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किया। एसएसपी ने युवकों को समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और अधिक व्यूज पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना उचित नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की अपील की।
डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित मार्ग पर कंसर्टिना कॉयल लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


