Explore

Search

June 8, 2026 7:04 pm

मुंगेली पुलिस की बीट प्रणाली का कमाल: मवेशी चोर चढ़े हत्थे, 30 हज़ार नगद बरामद।

छत्तीसगढ़ मुंगेली।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर मुंगेली पुलिस को मवेशी चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना चिल्फी अंतर्गत चौकी डिंडौरी क्षेत्र में हुई भैंस चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की भैंसों को बेचने के एवज में प्राप्त 30,000 की नगद राशि बरामद की है।

मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी अशोक कुमार यादव (निवासी ग्राम डिंडौरी) ने 6 जून 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 07 भैंसें तालाब के पास चरते समय गायब हो गई हैं। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 60/26, धारा 303(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम ने बीट प्रणाली के माध्यम से गहन छानबीन की। मुखबिर से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम दयाली नवागांव निवासी महेश डहरिया (74 वर्ष) और संतराम डहरिया (42 वर्ष) को हिरासत में लिया।

पूछताछ करने पर आरोपियों ने भैंस चोरी की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि उन्होंने सातों भैंसों को डिंडौरी जिले के ग्राम सेलवार निवासी गुड्डा उर्फ असलम खान को 80,000 में बेच दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिक्री राशि में से 30,000 नगद बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि इस मामले में फरार मुख्य आरोपी गुड्डा उर्फ असलम खान की तलाश जारी है।

इस कार्यवाही में निरीक्षक रघुबीर लाल चंद्र, प्रशिक्षु उप निरीक्षक केसो राम, सउनि मनक राम धु्रव, कुंदन राजपूत, प्रधान आरक्षक श्याम डहरिया, बलदेव राजपूत तथा आरक्षक नागेश साहू एवं पवन गंधर्व की सराहनीय भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS