Explore

Search

May 27, 2026 9:10 pm

ऑपरेशन आघात: मासूमों को नशे के दलदल में धकेलने वालों पर एसएसपी शशि मोहन सिंह का प्रहार

छत्तीसगढ़ ।रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी और सराहनीय कार्रवाई की है। इस बार पुलिस ने उस आरोपी को दबोचा है जो सीधे तौर पर शहर के नाबालिग बच्चों को नशे का आदी बना रहा था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस की यह कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था का पालन है, बल्कि समाज को एक बेहद गंभीर खतरे से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

ये है पूरा मामला 

मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ के रामभांठा स्थित संजय मैदान में डोकरी नामक युवक नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन बेच रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।पुलिस ने मौके से आरोपी शिवशंकर उर्फ ‘डोकरी’ सिदार को धर दबोचा और उसके पास से 19 नग नशीले सोल्यूशन ट्यूब, बिक्री की रकम और अन्य सामग्री बरामद की।

एसएसपी का कड़ा संदेश: बच्चों का भविष्य दांव पर लगाने वालों पर नो-टॉलरेंस

इस सफल कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशा युवाओं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है। उन्होंने कहा मासूम बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तत्व किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। ऑपरेशन आघात का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि ऐसे असामाजिक तत्वों को जड़ से मिटाया जाए। रायगढ़ पुलिस ऐसे लोगों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कठोर से कठोर वैधानिक कार्रवाई करती रहेगी।

जागरूकता पर जोर

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने केवल पुलिस कार्रवाई पर ही भरोसा नहीं जताया है, बल्कि अभिभावकों और समाज को भी सतर्क रहने का संदेश दिया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखना समाज और परिवार दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी है।उनकी प्राथमिकता शहर को नशामुक्त वातावरण देना है, जिसके लिए वे जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ा रहे हैं।

कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम के तहत गंभीर अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी मूलतः जशपुर जिले का निवासी है और राउरकेला से सोल्यूशन लाकर रायगढ़ के नाबालिगों को निशाना बना रहा था।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई न केवल नशे के अवैध कारोबार पर चोट है, बल्कि यह संदेश भी है कि रायगढ़ में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला कोई भी अपराधी पुलिस की नजरों से बच नहीं पाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS