Explore

Search

May 27, 2026 7:49 pm

ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर की बाड़ी में गांजे की खेती कर रहा आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि जशपुर में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ निरंतर कार्रवाई कर रही है और यह अभियान भविष्य में और तेज होगा।

छत्तीसगढ़ ।जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। लोदाम थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने घर की बाड़ी को ही गांजे का खेत बना रखा था। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस ने छापामारी कर 40 नग गांजे के पौधों को जप्त किया है।

आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लोदाम, खिखिर टोली निवासी 58 वर्षीय विजय सिंह ने अपने घर के पीछे अवैध रूप से गांजे की खेती की है। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने पौधों को चारों तरफ से प्लास्टिक की नेट और पुरानी साड़ियों से ढक रखा था।

एफएसएल टीम के साथ रेड, 40 पौधे बरामद

सूचना मिलते ही लोदाम पुलिस की टीम ने एफएसएल विशेषज्ञों को साथ लेकर घेराबंदी की और आरोपी के घर पर धावा बोल दिया। तलाशी के दौरान बाड़ी के अंदर गांजे के 40 पौधे लहलहाते मिले। पुलिस के अनुसार, इन पौधों में 18 बड़े पौधे (अधिकतम ऊंचाई 4 फिट 7 इंच) और 22 छोटे पौधे शामिल थे। जप्त किए गए गांजे के पौधों का कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

आरोपी विजय सिंह को पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(A) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

नशे के सौदागरों की खैर नहीं

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि जशपुर में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ निरंतर कार्रवाई कर रही है और यह अभियान भविष्य में और तेज होगा।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक बूटा सिंह, बसंत खुटिया, हेमंत कुजूर और महिला आरक्षक प्रतिमा तिग्गा की अहम भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS