Explore

Search

April 4, 2026 8:10 pm

यातायात प्रशिक्षण सम्पन्न युवा वर्ग में बढ़ती लापरवाही पर चिंता, शिक्षकों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी

यातायात की पाठशाला का आयोजन,शिक्षकों के माध्यम से छात्रों में जागरूकता का अभियान

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय, बिलासपुर में शुक्रवार को यातायात पुलिस द्वारा यातायात की पाठशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिले के सभी विद्यालय एवं महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों के प्रभारियों के एक सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस राजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों से आए सभी अध्यापकों को सड़क सुरक्षा के नियम, सड़क दुर्घटनाओं के कारण एवं उनके निवारण, राहगीर योजना तथा इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में एनएसएस के विश्वविद्यालय समन्वयक मनोज सिन्हा सहित लगभग 100 प्रतिभागी उपस्थित रहे। यातायात विभाग की ओर से मास्टर ट्रेनर उमाशंकर पांडे एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी अध्यापकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी प्रसार हेतु ‘ब्रांड एंबेसडर’ के रूप में दायित्व सौंपा गया। साथ ही यह सुझाव दिया गया कि छात्र-छात्राओं को विषयगत शिक्षा के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनाना भी आवश्यक है, जिससे वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

यातायात पुलिस ने बताया कि वर्तमान में युवाओं में यातायात नियमों के उल्लंघन की प्रवृत्ति अधिक देखी जा रही है। तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, स्टंट करना, खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करना, मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर एवं प्रेशर हॉर्न का उपयोग जैसी गतिविधियां आम होती जा रही हैं। ऐसे में कई युवा न केवल स्वयं नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।संदर्भ में शिक्षण संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय परिसर ऐसे युवाओं को जागरूक करने और उन्हें राष्ट्र के प्रति नैतिक दायित्वों का बोध कराने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। शिक्षकों से अपेक्षा की गई कि वे छात्रों को अनुशासन, जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन के प्रति प्रेरित करें।

कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि महाविद्यालयों में केवल विषयगत शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के प्रति भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया जाना चाहिए। अध्यापकों को यह दायित्व दिया गया कि वे समाज के प्रति अपनी भूमिका को गंभीरता से समझते हुए छात्रों में सकारात्मक सोच और जिम्मेदार व्यवहार विकसित करें।

कार्यशाला में यातायात पुलिस द्वारा जिले के सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे सड़क पर चलते समय यातायात सुरक्षा मानकों का पालन करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सभी के लिए सुरक्षित, सरल, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS