Explore

Search

March 25, 2026 12:02 pm

डौंडीलोहारा में सोलर लाइट लगाने के नाम पर 1.33 करोड़ की धोखाधड़ी

बिलासपुर। बालोद जिले के डौंडीलोहारा क्षेत्र में सोलर लाइट पोल लगाने के नाम पर एक अधिवक्ता से एक करोड़ 33 लाख 64 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित अधिवक्ता ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी अधिवक्ता विनीत तिवारी की पहचान उनके एक कनिष्ठ अधिवक्ता के माध्यम से आरोपी भावेश जैन, ऋतुप्रण वैष्णव और संतोष कर्ण से हुई थी। आरोप है कि इन आरोपियों ने बालोद जिले के डौंडीलोहारा जनपद पंचायत अंतर्गत विभिन्न गांवों में सोलर पैनल और पोल लगाने का काम दिलाने तथा इसमें अधिक मुनाफा होने का झांसा दिया। काम समझ में आने पर अधिवक्ता ने इसमें रुचि दिखाई। इसके बाद रायपुर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आरोपियों ने प्रति पोल 60 हजार रुपये की दर से काम मिलने और भुगतान किश्तों में होने की बात कही। इस दौरान उनकी मुलाकात तत्कालीन जनपद पंचायत डौंडीलोहारा के सीईओ पंकज देव से भी कराई गई। अधिवक्ता के अनुसार, सीईओ ने कार्य अनुभव की जानकारी लेने के बाद लगभग एक हजार पोल का वर्क ऑर्डर देने का भरोसा दिलाया। इसी विश्वास के आधार पर आरोपियों ने बैठक के तुरंत बाद 10 लाख रुपये एडवांस की मांग की। अधिवक्ता ने चार अप्रैल को बिलासपुर के हाईटेक बस स्टैंड के पास आरोपियों को 10 लाख रुपये दिए। इसके बाद पांच अप्रैल को 55 लाख रुपये और 15 अप्रैल को 68 लाख 64 हजार रुपये अलग-अलग किश्तों में दिए गए। इस तरह एक करोड़ 33 लाख 64 हजार रुपये आरोपियों ने ले लिए। आरोपियों के निर्देश पर अधिवक्ता ने लगभग 79 लाख 20 हजार रुपये में सोलर लाइट और पोल की सामग्री भी खरीदी तथा ठेकेदार के माध्यम से काम शुरू कराया। हालांकि 28 अप्रैल को अचानक कार्य बंद करवा दिया गया। जब कारण पूछा गया तो बताया गया कि यह जनपद सीईओ के निर्देश पर रोका गया है। पीड़ित अधिवक्ता ने जब सीईओ से संपर्क किया तो उन्होंने किसी भी प्रकार का वर्क ऑर्डर जारी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने कुछ चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण वे बाउंस हो गए। शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में जनपद सीईओ की भूमिका को भी संदिग्ध बताया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS