Explore

Search

March 23, 2026 2:23 am

अवैध शराब पर पुलिस का ऑपरेशन आघात :48 घंटे में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार 

“वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा,अभियान लगातार जारी रहेगा ,आमजन से भी अपील है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें”

रायगढ़, 22 मार्च। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने पिछले 48 घंटे में व्यापक और सख्त अभियान चलाते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 93 लीटर महुआ शराब, 59 पाव देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की गई, साथ ही परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर, भूपदेवपुर, जूटमिल और छाल थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की गई। पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

चक्रधरनगर पुलिस की लगातार 5 कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

चक्रधरनगर थाना पुलिस ने अभियान की शुरुआत करते हुए ग्राम बंगुरसिया, गोवर्धनपुर समेत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। यहां से कुल 59 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

कार्रवाई के दौरान किशन यादव, छोटे लाल एक्का, राजू एक्का और सुनीता कुजूर को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में पंडरीपानी पेट्रोल पंप के पास बाइक से शराब परिवहन करते दो आरोपियों बंधीधर सतनामी और रामनरेश टंडन को पकड़कर 30 नग देशी शराब (करीब 5.4 लीटर) जब्त की गई।

भूपदेवपुर पुलिस की रेड, महुआ भट्ठी ध्वस्त

भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रसियामुड़ा और दर्रामुड़ा में पुलिस ने दबिश देकर अवैध महुआ शराब निर्माण पर करारा प्रहार किया।यहां पुलिस ने एक सक्रिय भट्ठी को तोड़ते हुए भारी मात्रा में महुआ पास नष्ट किया। आरोपी कुमार राठिया से 6 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।वहीं, दर्रामुड़ा में बरत लाल पटेल को 29 नग अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

जूटमिल पुलिस ने बाइक समेत 20 लीटर शराब पकड़ी

जूटमिल थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी राकेश मिरधा के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।

छाल थाना पुलिस की सटीक कार्रवाई, महिला गिरफ्तार

छाल थाना क्षेत्र के ग्राम सारसमार में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए श्रीमती गनेशी अजमल्ले को 8 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया।

आबकारी एक्ट के तहत सभी पर कार्रवाई

सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन आघात अब निर्णायक मोड़ पर नजर आ रहा है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसता जा रहा है और जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS