Explore

Search

March 22, 2026 8:56 pm

फर्जी कॉल सेंटर गिरोह का मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार, 9.60 लाख की ठगी का खुलासा

रायपुर, 22 मार्च 2026। राजधानी रायपुर में बीमा पॉलिसी की मैच्योर राशि दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के फरार मास्टरमाइंड को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को दबोचा गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर देशभर के लोगों को बीमा पॉलिसी मैच्योर होने का लालच देकर ठगी करता था। मामले में पूर्व में गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी जितेंद्र कुमार उर्फ राजीव फरार था, जिसे अब दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रकरण थाना मुजगहन क्षेत्र का है, जहां निवासी परमजीत सिंह चड्डा को आरोपियों ने करीब 98.64 लाख रुपये की बीमा राशि मिलने का झांसा दिया। इसके लिए प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेजी कार्यवाही, टैक्स और एनओसी के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 9.60 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए गए।

आरोपियों ने विश्वास दिलाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक के कूटरचित दस्तावेज और फर्जी डिमांड ड्राफ्ट भी भेजे। संदेह होने पर पीड़ित ने बैंक में जांच कराई, जहां ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत थाना मुजगहन में दर्ज कराई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किए थे। पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी जितेंद्र कुमार की तलाश की जा रही थी।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दिल्ली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

पुलिस अब आरोपियों से देश के अन्य राज्यों में हुई ठगी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश भी जारी है।

मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना मुजगहन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 61डी के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS