Explore

Search

May 7, 2026 9:13 pm

सुखे नशे पर कमिश्नरेट का कड़ा प्रहार, 4 प्रकरणों में 12 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 22 मार्च 2026। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग प्रकरणों में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में 11 पुरुष एवं 1 महिला शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 42 किलोग्राम गांजा, 2200 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट तथा 1.53 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त मध्य उमेश प्रसाद गुप्ता, पुलिस उपायुक्त पश्चिम) संदीप पटेल तथा पुलिस उपायुक्त उत्तर मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, पहला मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक सहित तीन आरोपियों को 1700 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया। बिना वैध दस्तावेज के दवाओं की बिक्री किए जाने पर मेडिकल स्टोर को सील करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।

दूसरे प्रकरण में थाना गंज पुलिस ने दो युवकों को 1.53 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रेन के अटेंडर के माध्यम से नागपुर से ड्रग्स मंगाने की बात स्वीकार की है।

तीसरे और सबसे बड़े प्रकरण में थाना पंडरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 42 किलोग्राम गांजा, एक चारपहिया वाहन, पांच मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये नकद जब्त किए गए। जांच में आरोपियों के महाराष्ट्र और ओडिशा से जुड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

चौथे प्रकरण में थाना डीडी नगर पुलिस ने दो आरोपियों को 500 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्रोसन-10 के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि पंडरी प्रकरण में गिरफ्तार कुछ आरोपी पूर्व में भी नारकोटिक्स मामलों में संलिप्त रहे हैं और फरार चल रहे थे। वहीं, एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर भी है, जिस पर पूर्व में मारपीट एवं नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा अब तक 24 प्रकरणों में 56 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 1 करोड़ 72 लाख रुपये की मशरूका जब्त की गई है।शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS