Explore

Search

March 23, 2026 4:01 pm

औद्योगिक हादसों पर पुलिस की सख्त चेतावनी: लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, एसएसपी रजनेश सिंह ने दिए स्पष्ट निर्देश

बिलासपुर। औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने फैक्ट्री मालिकों और संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सिरगिट्टी, बिल्हा, तिफरा, सिलपहरी और कोनी क्षेत्र के औद्योगिक इकाइयों के संचालकों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में श्री सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी फैक्ट्री एवं उद्योग अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसके लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट, ग्लव्स, सुरक्षा जूते और रेडियम जैकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कोई भी कर्मचारी शराब के सेवन के बाद कार्यस्थल पर न पहुंचे। इसके लिए उद्योगों में ब्रीथ एनालाइजर मशीन लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, प्रत्येक औद्योगिक इकाई के अंदर, बाहर और मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।

क्षेत्र में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन उपकरण की अनिवार्य व्यवस्था करने, नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने और संभावित जोखिमों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में छत्तीसगढ़ लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष सतीश कुमार शाह, उपाध्यक्ष जितेन्द्र गांधी सहित कई उद्योगपति एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह भी बैठक में शामिल हुए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS