बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र के बृजविहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे एक प्रिंटर मैकेनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सरकंडा निवासी प्रदीप जायसवाल (42) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शव करीब सात दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
तारबाहर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार अनंत ने बताया कि प्रदीप जायसवाल पेशे से प्रिंटर मैकेनिक थे। पारिवारिक विवाद के चलते वह कुछ समय से अपने परिजनों से अलग होकर विनोबा नगर स्थित बृजविहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। वे अकेले रहते थे और उनके घर पर एक महिला खाना बनाने के लिए आती थी। सोमवार की शाम प्रदीप के कुछ मित्र उनसे मिलने उनके किराए के मकान पहुंचे। बाहर से आवाज देने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी दौरान मकान के भीतर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना तारबाहर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर प्रदीप की लाश पड़ी मिली, जो काफी पुरानी अवस्था में थी। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि प्रदीप के घर पर खाना बनाने के लिए आने वाली महिला से भी पूछताछ की गई। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अंतिम बार 31 जनवरी को खाना बनाने प्रदीप के घर आई थी। उस दिन के बाद प्रदीप ने उसका फोन कॉल रिसिव नहीं किया। इसके चलते महिला भी काम पर आना बंद कर दी थी। कमरे में बना हुआ खाना भी उसी हालत में पड़ा मिला, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि प्रदीप की मौत उसी समय के आसपास हुई होगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि प्रदीप की मौत प्राकृतिक थी, दुर्घटनावश हुई या किसी अन्य कारण से।
प्रधान संपादक


