Explore

Search

February 5, 2026 2:25 pm

मंदिर में शादी करने निकले प्रेमी ने प्रेमिका का रेत दिया गला

बिलासपुर। पत्नी को तलाक देकर प्रेमिका से शादी करने की जिद में एक सिरफिरे युवक ने युवती की हत्या करने की कोशिश की। युवक ने पहले प्रेमिका का चाकू से गला रेत दिया और फिर खुद पर भी वार कर आत्महत्या कर ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। उसे उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।

सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी शुभम नायडू (28) निजी बैंक में कार्यरत था। उसकी शादी हो चुकी थी और एक बेटा भी है। शादी के कुछ समय बाद से ही उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी दौरान उसका प्रेम संबंध जूना बिलासपुर करबला निवासी निशा श्रीवास (22) से हो गया। शुभम का निशा के घर आना-जाना भी था, जिसे लेकर उसके स्वजन पहले से नाराज थे।
मंगलवार को शुभम निशा को अपनी बुलेट बाइक से कोरबा की ओर ले गया। दोनों भारतमाला रोड से होते हुए उरगा पहुंचे और मडवारानी स्थित मंदिर गए। बताया जा रहा है कि शुभम निशा से शादी करना चाहता था और इसके लिए उसने पत्नी को तलाक देने की तैयारी भी कर ली थी। लेकिन निशा इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
मंदिर से लौटते समय शुभम निशा को उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम संडैल के पास एक सुनसान पुल के नजदीक ले गया। वहां उसने पूरी योजना के तहत चाकू से निशा पर हमला कर दिया। शुभम ने निशा का गला तीन से चार बार बेहद क्रूरता से रेता, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। हमले के बाद शुभम को लगा कि निशा की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने खुद भी चाकू से अपना गला रेत लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद निशा को होश आया, तब तक शुभम की सांसें थम चुकी थीं।

होश में आते ही सहेली को किया वीडियो कॉल

गंभीर हालत में भी निशा ने हिम्मत दिखाई। उसने अपनी एक सहेली को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी और लाइव लोकेशन भेजी। सहेली से सूचना मिलने पर निशा के स्वजन को जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और खुद भी मौके के लिए रवाना हुए।

पुलिस ने बचाई जान, अस्पताल में कराया भर्ती

सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक शुभम की मौत हो चुकी थी, जबकि निशा गंभीर अवस्था में पड़ी हुई थी। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इशारों में युवती ने बयां की आपबीती

पुलिस को निशा ने इशारों में बताया कि शुभम ने पहले उसका गला रेता और फिर खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया है। चूंकि आरोपी की मौत हो चुकी है, इसलिए जांच पूरी होने के बाद मामला खात्मे में डाला जाएगा।

स्वजन की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम

घटना की सूचना पर शुभम के स्वजन बुधवार को कोरबा पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया और स्वजन की उपस्थिति में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

मां पहले ही जता चुकी थी आपत्ति

निशा स्नातक तक पढ़ी है और अपने माता-पिता की इकलौती बेटी है। उसके पिता पान ठेला का व्यवसाय करते हैं। निशा की मां ने बताया कि वह शुभम के आने-जाने पर आपत्ति जताती थीं। उन्होंने उससे पूछा भी था कि वह शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता है, फिर उनकी बेटी से क्यों मिलता है।

मां को बाजार और मंदिर ले गई थी निशा

मंगलवार को निशा अपनी मां को लेकर बाजार गई थी, जहां मौसी की शादी के लिए खरीदारी की। इसके बाद वह मां को मंदिर लेकर गई और पूजा के बाद घर छोड़ दिया। कुछ देर बाद वह किसी काम से बाहर निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। देर रात उसकी स्कूटी जवाली पुल के पास मिली, जिसके बाद स्वजन ने कोतवाली थाने में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी बीच उसकी लाइव लोकेशन मिलने से पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सका।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS