Explore

Search

January 11, 2026 3:56 pm

हिंदी विश्वविद्यालय के 29वें स्थापनोत्सव पर मल्लखंब का भव्य प्रदर्शन

महाराष्ट्र की समृद्ध खेल परंपरा का प्रतीक है मल्लखंब: कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा

वर्धा, 10 जनवरी 2026।महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के 29वें स्थापनोत्सव के अवसर पर मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा स्थल पर भारतीय पारंपरिक खेल मल्लखंब का भव्य प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि मल्लखंब महाराष्ट्र की समृद्ध खेल परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में भारतीय पारंपरिक खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने भविष्य में भी विश्वविद्यालय में इस प्रकार के खेल प्रदर्शनों के आयोजन का आश्वासन दिया।

यह आयोजन श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल द्वारा संचालित डिग्री कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, अमरावती के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय के प्रो. फरहद मलिक ने मल्लखंब खेल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मल्लखंब की शुरुआत पेशवाकाल में सैनिकों के शारीरिक प्रशिक्षण हेतु हुई थी तथा झांसी की रानी लक्ष्मीबाई भी इस खेल का अभ्यास करती थीं। उन्होंने यह भी कहा कि श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल और डिग्री कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन ने मल्लखंब के संरक्षण एवं प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में भारत सरकार द्वारा मल्लखंब को युवा खेलों में शामिल किया गया है और इसे मार्शल आर्ट की श्रेणी में भी देखा जा रहा है।

श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल से जुड़े आशीष हाटेकर ने कुलपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडल में मल्लखंब के साथ-साथ खो-खो, कबड्डी सहित अन्य खेलों का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने उल्लेख किया कि वर्ष 1927 में इस मंडल में राजगुरु का आगमन हुआ था तथा 1933 में महात्मा गांधी ने भी मंडल का भ्रमण किया था। मंडल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आगे चलकर देशसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संस्था का उद्देश्य मल्लखंब को राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

कार्यक्रम के दौरान मल्लखंब सहित विभिन्न खेलों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। खिलाड़ियों ने अपने अद्भुत कौशल, संतुलन और शारीरिक दक्षता से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिला खिलाड़ियों के सशक्त और प्रभावशाली प्रदर्शन ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण और प्रेरक वातावरण बना रहा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS