Explore

Search

February 25, 2026 8:47 pm

मैकेनिकल इंजीनियर बना दोपहिया वाहन चोर गिरोह का सरगना, दुर्ग पुलिस ने राज्यस्तरीय नेटवर्क का किया पर्दाफाश

दुर्ग भिलाई ,25 फरवरी 2026।भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में वर्ष 2024 से सक्रिय दोपहिया वाहन चोरी की लगातार घटनाओं का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक राज्यस्तरीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 31 अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए लगभग 31 लाख रुपये मूल्य के 31 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। मामले में गिरोह के सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संलिप्तों की तलाश जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि गिरोह विशेष रूप से बीएसपी मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग और भिलाई-भट्टी क्षेत्र को निशाना बनाता था। थाना भिलाई नगर में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी ई. पापा राव की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्वयं दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें जशपुर जिले के कुंकुरी ले जाता था, जहां उसके सहयोगी मनोज राम एवं राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि के माध्यम से वाहनों को खपाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा प्राप्त है और वह विशेष रूप से होंडा साइन जैसे लोकप्रिय मॉडलों को चोरी के लिए चुनता था।

पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में भिलाई-भट्टी क्षेत्र से चोरी गए 13, छावनी थाना क्षेत्र के 3, रायपुर क्षेत्र के 2 वाहन शामिल हैं, जबकि 3 दोपहिया ऐसे हैं जिनके पंजीयन संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित अपराध क्रमांकों के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियो में ई. पापा राव, निवासी कुशालपुर, चंगोरा भाठा, जिला रायपुर मनोज राम, निवासी कुंकुरी, जिला जशपुर राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि, निवासी कुंकुरी, जिला जशपुर शामिल हैं इनसे 31 दोपहिया वाहन चोरी का जप्त किया गया जिसकी अनुमानित मूल्य लगभग 31 लाख है ।इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर प्रभारी, थाना स्टाफ, साइबर सेल एवं विशेष जांच दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी विजय अग्रवाल की अपील

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर खड़ा करें और पार्किंग के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वाहन चोरी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS