Explore

Search

August 30, 2026 12:21 pm

श्रम विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2.76 लाख की ठगी, मामला दर्ज

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र में श्रम विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक से दो लाख 76 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने करीब तीन साल तक पीड़ित को गुमराह करते हुए रुपये लौटाने के नाम पर टालमटोल की। इधर, आरोपी की दूसरे धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने मस्तूरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और न्यायालय से आदेश लेकर आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है।



मस्तूरी थाना प्रभारी अजहरुद्दीन ने बताया कि मस्तूरी निवासी मनीष राठौर किसान हैं। वर्ष 2023 में उनकी पहचान जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छेड़ोलिया निवासी राजा भैया लहरे (26) से हुई थी। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली संपर्कों वाला बताते हुए श्रम विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में आकर मनीष ने दो लाख 76 हजार रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगने का आश्वासन देता रहा। महीनों बीतने के बावजूद जब नौकरी नहीं लगी तो मनीष ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की। इस पर आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर मनीष को गुमराह करता रहा। करीब दो वर्षों तक वह पीड़ित को कभी जल्द नौकरी लगवाने तो कभी रुपये लौटाने की बात कहकर टालमटोल करता रहा। इसी दौरान हिर्री पुलिस ने आरोपी राजा भैया लहरे के खिलाफ एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। इस जानकारी के बाद मनीष राठौर मस्तूरी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस आरोपी के बैंक लेन-देन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि न्यायालय से मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS