Explore

Search

April 13, 2026 9:47 pm

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार, दूसरी बार बोला धावा तब पुलिस ने किया जुर्म दर्ज

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के चोरभट्ठी कला में चोरों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह घटना करीब चार महीने पहले हुई थी, जिसकी शिकायत पीड़िता ने थाने में की थी, लेकिन उस समय पुलिस ने शिकायत लेकर महिला को चलता कर दिया। अब चोरों ने दूसरी बार उसी मकान में धावा बोलकर चोरी का प्रयास किया। हालांकि इस बार वे सफल नहीं हो सके। दूसरी घटना के बाद पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।


चोरभट्ठी कला निवासी कविता यादव (40) आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह वे किसी काम से बलौदाबाजार जिले के भाटापारा गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। बुधवार सुबह उनके भाई का फोन आया। भाई ने मोबाइल पर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। चोरों ने ताला तोड़कर भीतर घुसने का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही कविता यादव वापस अपने घर पहुंचीं। मकान के मुख्य दरवाजे पर दो ताले लगे होने के कारण चोर अंदर घुस नहीं पाए थे। इसके बाद कविता यादव सीधे सकरी थाने पहुंचीं और घटना की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि करीब चार महीने पहले जब वे पूरे परिवार के साथ रिश्तेदारी में गई थीं, तब चोरों ने उनके सूने मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। तब चोर घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए थे। उस समय पीड़िता ने सकरी थाने में इसकी शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने केवल आवेदन लेकर उन्हें चलता कर दिया। अब जब दूसरी बार उसी मकान को निशाना बनाने की कोशिश हुई, तब पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS