बिलासपुर। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने शुक्रवार को कोटा थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी व स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने में पहुंचने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या का गंभीरता से निराकरण किया जाए। किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना परिसर, अभिलेख, मालखाना और लंबित मामलों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था देखकर संतोष जताया और इसे बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लंबित अपराधों की विवेचना की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया और थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डॉ. शुक्ला ने कहा कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए थाना स्तर पर जनसंपर्क को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे आम नागरिकों के साथ विनम्र और सहयोगपूर्ण व्यवहार करें। इससे जनता का विश्वास पुलिस पर और मजबूत होगा तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। आईजी ने पुलिस स्टाफ को सेवा भाव, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की स्थिति बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी अर्चना झा, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय, बेलगहना चौकी प्रभारी राज सिंह सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।

प्रधान संपादक




