Explore

Search

October 21, 2026 10:41 am

सरकारी राशन दुकान से 57 क्विंटल चावल और आठ क्विंटल शक्कर चोरी, गांव में मचा हड़कंप

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के ग्राम छतौना स्थित शासकीय राशन दुकान से चोरों ने भारी मात्रा में चावल और शक्कर पार कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब संचालक अगले दिन दुकान पहुंचे और ताले टूटे हुए पाए। चोरी की यह वारदात सामने आते ही गांव में हड़कंप मच गया और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


कोटा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छतौना गांव में शासकीय राशन दुकान का संचालन राहुल कुमार यादव करते हैं। 10 सितंबर की शाम उन्होंने नियमित रूप से दुकान बंद की और ताला लगाकर घर चले गए। अगले दिन सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ था। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल गांव वालों को दी। ग्रामीणों के साथ दुकान के भीतर जाने पर पता चला कि वहां से बड़ी मात्रा में राशन गायब था। संचालक ने पुलिस को बताया कि चोरी गए अनाज में 114 कट्टियों में भरे 57 क्विंटल चावल और 16 बोरियों में भरी करीब आठ क्विंटल 23 किलो शक्कर शामिल है। संचालक ने इसकी शिकायत कोटा थाने में दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। गांव में संदेहियों की तलाश और पूछताछ शुरू कर दी गई है।

पहले भी मिली थी गड़बड़ी

छतौना स्थित इस राशन दुकान का रिकॉर्ड पहले भी विवादों में रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ माह पहले अधिकारियों ने यहां औचक निरीक्षण किया था। उस समय भारी गड़बड़ी उजागर हुई थी। हितग्राहियों को निर्धारित समय पर राशन का वितरण नहीं किया गया था, जबकि दुकान में पर्याप्त राशन भी उपलब्ध नहीं मिला था। हालांकि बाद में मामला दबा दिया गया और कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई। अब चोरी की यह बड़ी वारदात सामने आने से ग्रामीणों के बीच सवाल उठने लगे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS