Explore

Search

February 18, 2026 11:29 am

टहलने के बहाने निकला युवक ट्रेन से कटकर मौत को लगाया गले

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के लोखंडी गांव में एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। वह घर से टहलने की बात कहकर निकला था। कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मृतक का नाम अश्वनी पटेल (19) है, जो लोखंडी गांव का रहने वाला था। अश्वनी पढ़ाई छोड़कर इन दिनों घर के कामकाज में परिजनों की मदद करता था। शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे वह घर पर था और परिवार के लोगों से यह कहकर निकला कि वह थोड़ा टहलने जा रहा है।
कुछ देर बाद अश्वनी लोखंडी रेलवे फाटक के पास पहुंचा और वहीं खड़ा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास ही गांव के कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। जैसे ही ट्रेन रेलवे फाटक के करीब आई, अश्वनी अचानक पटरियों पर कूद गया। तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत अश्वनी के परिजनों को सूचना दी और सकरी पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चीरघर भेजा।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। युवक के स्वजन भी उसकी इस अचानक उठाए गए कदम से स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।
रविवार को युवक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS