Explore

Search

October 10, 2026 7:31 pm

बिलासपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा: अनाधिकृत पोस्टर-बैनर और गुटखे के दाग हटाने विशेष अभियान

रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए प्रमुख स्टेशनों सहित विभिन्न क्षेत्रों में की गई विशेष साफ-सफाई, यात्रियों को भी किया जा रहा जागरूक

CBN36 बिलासपुर, 10 अक्टूबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण को स्वच्छ रखने और यात्रियों को जागरूक करने के लिए प्रतिदिन निर्धारित थीम के अनुरूप विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इसी कड़ी में 9 एवं 10 अक्टूबर को अनाधिकृत पोस्टर, बैनर और दाग-धब्बे हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत बिलासपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों, रेलवे परिसरों और कार्यालयों के आसपास व्यापक साफ-सफाई की गई। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के साथ यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

अभियान के दौरान स्टेशनों, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), सबवे, बाउंड्री वॉल और रेलवे कॉलोनियों में लगे अनाधिकृत पोस्टर, स्टिकर, बैनर, होर्डिंग तथा दीवारों पर लिखे गए विज्ञापन संबंधी संदेशों को हटाया गया। पोस्टर एवं विज्ञापन सामग्री हटाने के बाद संबंधित दीवारों और खंभों की विशेष सफाई की गई, ताकि रेलवे परिसरों की सुंदरता बनी रहे और दोबारा अनाधिकृत पोस्टर लगाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सके।

गुटखे की पीक के दाग हटाने की गई विशेष स्क्रबिंग

रेलवे परिसरों में पान और गुटखे की पीक से होने वाले लाल एवं पीले दाग-धब्बों को हटाने के लिए दीवारों, खंभों, सीढ़ियों, फुट ओवर ब्रिज और सबवे के कोनों की विशेष सफाई एवं स्क्रबिंग की गई। साफ किए गए स्थानों पर ‘थूककर गंदगी न फैलाएं’ और ‘No Spitting’ जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए। साथ ही स्वच्छता संबंधी साइनेज लगाकर यात्रियों को सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने और रेलवे परिसर को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।

उद्घोषणा के जरिए यात्रियों को किया जा रहा जागरूक

अभियान के तहत प्लेटफॉर्म के कोनों तथा स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वार जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। वाणिज्य विभाग द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने, इधर-उधर न थूकने और कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।

रेलवे परिसरों में गंदगी फैलाने, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और कचरा इधर-उधर फेंकने वालों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें। दीवारों पर अनाधिकृत पोस्टर न लगाएं, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें और कचरे को हमेशा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि स्वच्छ एवं व्यवस्थित रेलवे परिसर की व्यवस्था कायम रखी जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS