CBN36 वर्धा, 4 अक्टूबर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के अनुवाद अध्ययन विभाग की पी-एच.डी. शोधार्थी प्रिया सुनील माली और अंजू को दार्जिलिंग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय परिसंवाद के दौरान ‘शीलभद्र सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
विंग्स ए पब्लिकेशन हाउस, विद्यासागर कॉलेज ऑफ एजुकेशन, दार्जिलिंग तथा आचार्य नंददुलारे वाजपेयी फाउंडेशन, पलवल (हरियाणा) के संयुक्त तत्वावधान में ‘भारतीय ज्ञान परंपरा : शिक्षा, साहित्य और अनुसंधान’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय परिसंवाद आयोजित किया गया। परिसंवाद का समापन समारोह 3 अक्टूबर को हुआ।
समापन समारोह में प्रिया माली और अंजू को विंग्स की एडिटर-इन-चीफ सुलेखा सरकार, नेपाली साहित्य सम्मेलन, दार्जिलिंग के महासचिव महेंद्र प्रधान, दार्जिलिंग हिल्स यूनिवर्सिटी, मंगपू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष दत्ता, जलपाईगुड़ी के अतिरिक्त जिला परियोजना अधिकारी राजीव चक्रवर्ती तथा दार्जिलिंग हिल्स यूनिवर्सिटी की कुलसचिव सुजाता राणा ने ‘शीलभद्र सम्मान’ प्रदान किया।
परिसंवाद में देश के विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए प्राध्यापकों, साहित्यकारों, शोधार्थियों और शिक्षाविदों ने सहभागिता की। इस दौरान भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों, शिक्षा, साहित्य और अनुसंधान से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए कुल नौ प्रतिभागियों को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया गया। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय की दो शोधार्थियों को मिले इस सम्मान को विश्वविद्यालय के शोध एवं अकादमिक क्षेत्र की उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधान संपादक




