Explore

Search

October 3, 2026 6:45 pm

500 रुपये के लिए वृद्धा की गला रेतकर हत्या, छह दिन में खुलासा

मोबाइल छुड़ाने के लिए मांगे थे 500 रुपये, रकम नहीं मिलने पर गुस्से में उठाया हंसिया; नाबालिग हिरासत में

CBN36 मुंगेली। पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में छह दिन पहले हुई वृद्ध महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन छुड़ाने के लिए 500 रुपये नहीं मिलने पर गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक ने गुस्से में हंसिया से हमला कर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बताए जा रहे कपड़े बरामद कर नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड, मुंगेली के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम उमरिया निवासी सोनकलिया बाई डहरिया की 26 और 27 सितंबर की दरम्यानी रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। 27 सितंबर को मृतका की भांजी दिव्या भारती ने चौकी साकेत में घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में हत्या की पुष्टि होने पर 28 सितंबर को थाना पथरिया में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

घटनास्थल से लेकर गांव तक खंगाली कड़ियां

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपी की जल्द पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, साइबर सेल और चौकी साकेत की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक ने की है।

500 रुपये नहीं मिले तो हंसिया से किया हमला

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालक ने बताया कि उसका मोबाइल गिरवी रखा हुआ था और उसे छुड़ाने के लिए उसने सोनकलिया बाई से 500 रुपये मांगे थे। रकम नहीं मिलने पर वह गुस्से में आ गया और हंसिया से महिला के गले पर प्राणघातक वार कर दिया। पुलिस ने बालक की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए टी-शर्ट और जींस बरामद किए हैं।

छह दिन में अंधे कत्ल का खुलासा

27 सितंबर को सामने आई हत्या की वारदात का पुलिस ने छह दिन के भीतर खुलासा किया। पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि संबंधी प्रक्रिया पूरी कर उसे अभिरक्षा में लिया और 3 अक्टूबर को किशोर न्याय बोर्ड, मुंगेली के समक्ष पेश किया। इसके बाद उसे पृथक बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक पवन देवांगन, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, सउनि रोशन टंडन सहित थाना पथरिया, साइबर सेल और चौकी साकेत की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS