Explore

Search

October 3, 2026 6:41 pm

32 लाख लोगों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश, जांजगीर-चांपा पुलिस प्रदेश में सातवें पायदान पर

गांव से शहर और भागवत कथा से ग्राम पंचायतों तक चला जागरूकता अभियान

CBN36 जांजगीर-चांपा। साइबर अपराधों से बचाव और आम लोगों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस की ओर से चलाए गए विशेष ‘साइबर जागृति’ अभियान को प्रदेश स्तर पर सातवां स्थान मिला है। 15 अगस्त से 2 अक्तूबर तक चले अभियान में पुलिस ने गांव, शहर, स्कूल, कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस के अनुसार, विभिन्न माध्यमों से 32 लाख से अधिक लोगों तक साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।

अभियान पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन और सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में चलाया गया।

एक घंटे में लाखों तक पहुंचा संदेश

अभियान के दौरान पुलिस ने एक घंटे में लाखों लोगों तक साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाने का विशेष अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक, इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया। एसपी विजय पांडेय का कहना है कि इससे साइबर जागरूकता के लिए किए गए व्यापक जनसंपर्क और जनभागीदारी का पता चलता है।

भागवत कथा में भी दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

बम्हनीडीह क्षेत्र में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भी पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। कथा वाचक अनिरुद्ध जी महाराज के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस के अनुसार, इस माध्यम से करीब सात लाख लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचा।

एक दिन में ग्राम पंचायतों तक पहुंचीं पुलिस टीमें

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने एक ही दिन में जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। ग्रामीणों को साइबर ठगी के नए तरीकों, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। अभियान में सहयोग करने वाले लोगों को पुलिस की ओर से सम्मानित भी किया गया।

बच्चों ने रंगोली, चित्रकला और मेहंदी से दिया संदेश

साइबर जागृति अभियान के समापन अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सुरक्षा का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र और मेमेंटो देकर सम्मानित किया।

पुलिस की अपील-ओटीपी और बैंक की जानकारी साझा न करें

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। फोन पर मांगा गया ओटीपी, एटीएम/बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए पुलिस या संबंधित साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि रकम की रिकवरी और आरोपी तक पहुंचने की कार्रवाई समय पर शुरू की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS