गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में खनिज विभाग की कार्रवाई, वाहन मालिकों पर नियमानुसार प्रकरण दर्ज
CBN36 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर रेत और पत्थर का अवैध परिवहन करते छह ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग के अनुसार बस्ती-बगरा क्षेत्र से रेत से भरे चार ट्रैक्टर जब्त किए गए। इन वाहनों को सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। वहीं सारबहरा क्षेत्र से पत्थर से भरा एक ट्रैक्टर और अंडी क्षेत्र से रेत से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है। दोनों वाहनों को सुरक्षार्थ अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।
अर्थदंड जमा होने के बाद ही मिल सकेगी रिहाई
विभाग ने जब्त किए गए सभी वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद ही नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।
शिकायतों की भी होगी गंभीरता से जांच
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र में नियमित जांच करने और अवैध खनिज गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण के भी निर्देश दिए गए हैं।
प्रधान संपादक




