Explore

Search

October 1, 2026 7:19 pm

बिलासपुर में जल जन सेवा यात्रा का जोरदार स्वागत, 200 बाइक सवारों ने निकाली रैली

देवरीखुर्द चौक में ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से गूंजा माहौल, अरपा-खारंग का जल कलश में अर्पित

CBN36 बिलासपुर। वडनगर से वाराणसी तक जल संरक्षण और जनसेवा का संदेश लेकर बाइक से निकली जल जन सेवा संकल्प यात्रा का बिलासपुर ग्रामीण में जोरदार स्वागत किया गया। देवरीखुर्द चौक पर भाजयुमो बिलासपुर ग्रामीण की ओर से आयोजित स्वागत कार्यक्रम में 200 से अधिक बाइक सवारों ने रैली निकालकर यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन किया। यात्रियों के पहुंचते ही जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत यह यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के बिलासपुर पहुंचने पर भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। भारत माता के जयघोष के बीच यात्रियों का स्वागत किया गया।

अरपा और खारंग का जल कलश में किया अर्पित

स्वागत कार्यक्रम के दौरान अरपा और खारंग नदी का जल कलश में अर्पित किया गया। आयोजकों ने कहा कि यह यात्रा केवल बाइक रैली नहीं, बल्कि जल संरक्षण, जनभागीदारी और सेवा भावना का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। युवाओं का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और जनसेवा की भावना को मजबूत करना है।

युवाओं की सक्रियता दिखी : जूदेव

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप जूदेव ने कहा कि जल जन सेवा संकल्प यात्रा युवाओं के सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व की भावना को प्रदर्शित करती है। वडनगर से वाराणसी तक निकली यह यात्रा जल संरक्षण और जनजागरण का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। बिलासपुर ग्रामीण में जिस उत्साह के साथ यात्रियों का स्वागत किया गया, वह युवाओं की सक्रियता को दर्शाता है।

जल संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी : बांधी

पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि जल संरक्षण आज की महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकता है। जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। युवाओं द्वारा जल संरक्षण का संदेश लेकर इतनी लंबी यात्रा करना सराहनीय पहल है। सेवा संकल्प अभियान से जनभागीदारी और सेवा भावना को बढ़ावा मिल रहा है।

सेवा और जनकल्याण का संदेश दे रही यात्रा : जायसवाल

भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जल जन सेवा संकल्प यात्रा के जरिए युवा जल संरक्षण और जनसेवा का संदेश देशभर में पहुंचा रहे हैं। 200 से अधिक बाइक सवारों की रैली युवाओं के उत्साह और संगठनात्मक सक्रियता का प्रमाण है।

युवा शक्ति समाजहित के लिए तत्पर : चतुर्वेदी

भाजयुमो जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक जल संरक्षण और जनसेवा का संदेश लेकर निकले युवाओं का स्वागत करना गौरव का विषय है। देवरीखुर्द चौक में 200 से अधिक बाइक सवारों ने रैली निकालकर यात्रियों का अभिनंदन किया। पुष्पवर्षा, ढोल-ताशे और आतिशबाजी के माध्यम से स्वागत कर युवा मोर्चा ने समाजहित और जनसेवा के कार्यों में युवा शक्ति की भागीदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अमन प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र देवांगन, भाजपा जिला महामंत्री यश मनहर, अवधेश अग्रवाल, राज्यवर्धन कौशिक, प्रणव शर्मा, राजकुमार वर्मा, महाराज सिंह नायक, तिलक साहू, बीपी सिंह, लक्ष्मी यादव, शैलेश गोरख, जय वाधवानी, रवि बरगाह, जितेंद्र राय, कुसुम लता श्रीवास, हरिओम कश्यप, वीरेंद्र पटेल, रिंकू त्रिपाठी, रंजीत सिंह, मनीदास मानिकपुरी, ओम सूर्या सहित भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS