पुरुष वर्ग में डीएलएस महाविद्यालय उपविजेता, महिला वर्ग में पातालेश्वर महाविद्यालय मस्तूरी रही रनरअप
CBN36 बिलासपुर। अंतरमहाविद्यालयीन बेसबॉल प्रतियोगिता में डीपी विप्र महाविद्यालय की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष दोनों वर्गों में विजेता का खिताब अपने नाम किया। डीपी विप्र महाविद्यालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिता 28 सितंबर को छत्तीसगढ़ विद्यालय मैदान में हुई। इसमें पुरुष वर्ग की आठ और महिला वर्ग की तीन टीमों ने हिस्सा लिया। पांच महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने ट्रायल में भी भाग लिया।
महिला वर्ग की प्रतियोगिता लीग पद्धति से कराई गई। इसमें डीपी विप्र महाविद्यालय की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। शासकीय पातालेश्वर महाविद्यालय, मस्तूरी की टीम उपविजेता रही।
वहीं पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला डीएलएस महाविद्यालय और डीपी विप्र महाविद्यालय के बीच हुआ। इसमें डीपी विप्र महाविद्यालय की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। डीएलएस महाविद्यालय की टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में डीपी विप्र की टीम के विजेता बनने से महाविद्यालय का दबदबा कायम रहा।
खेल प्रतिभाओं को मिला मंच
प्रतियोगिता का शुभारंभ महिला वर्ग के मुकाबले से हुआ। आयोजन का उद्देश्य महाविद्यालयीन स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रमोद तिवारी, संचालक शासकीय शिक्षा विभाग उपस्थित रहे। अध्यक्षता डीपी विप्र महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एस. तंबोली ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री नितीश चौबे, प्राध्यापक, विप्र महाविद्यालय मौजूद रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. एस. पवार, डॉ. बसंत अंचल, श्री मुकेश गोरे, डॉ. आलोक शर्मा, आशीष बाजपेयी, डॉ. देवर्षि चौबे, मुकेश गोयल, सी.पी. सिंह, शर्मा जी, अमित मानिकपुरी, देवेंद्र सन्नाई और अरविंद सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी डीपी विप्र महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अजय यादव ने दी।
प्रधान संपादक




