5000 मीटर रेस वॉक में हासिल किया प्रथम स्थान, छत्तीसगढ़ स्कूल का बढ़ाया गौरव
CBN36 बिलासपुर। गोवा के अटल एथलेटिक स्टेडियम, बोम्बालिम में आयोजित 37वीं वेस्ट जोन एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में छत्तीसगढ़ स्कूल के छात्र दिनकर वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 29 सितंबर तक हुआ, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभावान एथलीटों ने हिस्सा लिया।
अंडर-20 वर्ग की 5000 मीटर रेस वॉक स्पर्धा में दिनकर वर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया।
दिनकर वर्मा बिलासपुर स्थित नवीन पिछड़ा वर्ग छात्रावास में रहकर छत्तीसगढ़ स्कूल में कक्षा 12वीं कला संकाय की पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ वे नियमित रूप से एथलेटिक्स की तैयारी करते हैं। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक अख्तर खान ने बताया कि दिनकर ने अपनी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है।
दिनकर की इस सफलता पर छत्तीसगढ़ शिक्षण समिति के संरक्षक अरुण गोवर्धन, अध्यक्ष डॉ. शिरीष मिश्रा, सचिव डॉ. प्रफुल्ल शर्मा, प्राचार्य प्रशांत चिपड़े, कोच जेएस भाटिया, नवीन पिछड़ा वर्ग छात्रावास अधीक्षक तरुण केसरवानी, कोच यूके चेलकर, एथलेटिक्स कोच पीजी कृष्णनन, परिवारजनों और खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने दिनकर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
प्रधान संपादक




