बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष पेयजल परीक्षण अभियान, स्वच्छता और जल वितरण व्यवस्था का भी लिया जायजा
CBN36 बिलासपुर, 24 सितंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 सितंबर को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष पेयजल परीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता के साथ पेयजल स्थलों और संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक देवेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित अभियान के तहत चिकित्सा विभाग की टीम ने स्टेशन से पेयजल के 260 नमूने एकत्र किए। इन सभी नमूनों की गुणवत्ता जांच की गई और सभी नमूने निर्धारित ड्रिंकिंग वाटर क्वालिटी मॉनिटरिंग मानकों के अनुरूप पाए गए।
अभियान के दौरान पेयजल स्थलों की स्वच्छता, जल वितरण व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता और यात्रियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। चिकित्सा विभाग की टीम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पेयजल की गुणवत्ता तथा स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार यात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाती है। इसके लिए समय-समय पर विशेष परीक्षण और स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी अभियान चलाए जाते हैं। इन अभियानों के माध्यम से विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
प्रधान संपादक




