किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने के लिए किया प्रोत्साहित, धान की जगह दलहन-तिलहन पर जोर
CBN36 बिलासपुर, 24 सितंबर। जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण (डीसीएस) के तहत फसलों की स्थिति के सत्यापन का कार्य जारी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर उप संचालक कृषि एम.आर. तिग्गा ने तखतपुर के विजयपुर उप तहसील क्षेत्र के ग्राम विजयपुर और दर्री पहुंचकर सर्वेक्षित खसरों में से एक प्रतिशत खसरों का मौके पर सत्यापन किया।
सत्यापन के दौरान अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर फसलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। पर्याप्त वर्षा के कारण दोनों गांवों में फसलों की स्थिति अच्छी पाई गई। निरीक्षण के दौरान फसलों में किसी प्रकार का उल्लेखनीय कीट प्रकोप भी नहीं मिला।
धान की जगह अरहर लेने वाले किसान की सराहना
उप संचालक कृषि ने विजयपुर और दर्री के किसानों से फसल विविधीकरण को लेकर चर्चा की। उन्होंने धान के स्थान पर अरहर की खेती करने वाले किसान के प्रयास की सराहना की। साथ ही अन्य किसानों को भी कम अवधि वाली दलहन और तिलहन फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने आगामी रबी मौसम में ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण से खेती में जोखिम कम करने के साथ कृषि की स्थिरता को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
सत्यापन के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी कु. समीधा यादव, सहायक सांख्यिकी अधिकारी कु. श्रेया मिश्रा और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सी.पी. महिलाने उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




