Explore

Search

September 19, 2026 8:01 pm

30 लाख की उधारी और तीन महीने के ब्याज ने बना दिया खूनी हिसाब, शिक्षक ही निकला शिक्षक का हत्यारा

आरंग में शिक्षक हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, रेत-रियल एस्टेट और बुलियन ट्रेडिंग में साथ करते थे कारोबार; VSK ऐप के लॉग से खुला राज

CBN36 आरंग। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा के पास शिक्षक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक का साथी शिक्षक ही निकला। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में निवेश-ट्रेडिंग को लेकर लेन-देन था। करीब 30 लाख रुपये की उधारी और तीन महीने के ब्याज को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में आरोपी ने शिक्षक की हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों मोबाइल फोन और घटना के समय पहने खून से सने कपड़े, जूते व मोजे बरामद किए गए हैं।

सुनसान इलाके में मिला था शिक्षक का शव

17 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। उसके सिर और चेहरे पर धारदार एवं कठोर वस्तु से गंभीर चोट के निशान थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर (46), निवासी रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में फॉरेंसिक, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम को जांच में लगाया गया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।

स्कूल के CCTV और VSK ऐप के लॉग से जुड़ी कड़ियां

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक शिवकुमार चंद्राकर और संदेही चंद्रप्रकाश वर्मा ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक हैं। ग्रामीणों और चरवाहे ने बताया कि मृतक को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था।

इसके बाद पुलिस ने स्कूल के CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही शिक्षा विभाग के VSK ऐप के लॉग रिकॉर्ड की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को सुबह करीब 9:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था। इसके बाद मोबाइल की लोकेशन बंद कर निजी काम का बहाना बनाकर स्कूल से निकल गया। वारदात के बाद करीब 12:50 बजे स्कूल वापस पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, स्कूल लौटने के बाद उसने अपने मोबाइल से VSK ऐप में लॉगिन नहीं किया, बल्कि मोबाइल घर पर छूटने की बात कहकर साथी शिक्षक के मोबाइल से अपनी उपस्थिति दर्ज की। VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट ने पुलिस की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ दी।

पूछताछ में सामने आया 30 लाख रुपये का विवाद

18 सितंबर को पुलिस ने चंद्रप्रकाश वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और शिवकुमार करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। आरोपी के मुताबिक उसने मृतक को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके बदले मृतक ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे।

आरोपी का कहना है कि वह हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से ब्याज का भुगतान नहीं किया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और कहासुनी होती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दिए जाने से वह नाराज था।

पहले धारदार हथियार से हमला, फिर हथौड़े से वार

पुलिस के अनुसार 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई। पैसे और ब्याज की वापसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर चले गए।

वहां विवाद बढ़ने पर आरोपी ने स्कूटी में पहले से रखे धारदार हथियार से मृतक के सिर के पीछे वार कर दिया। मृतक के गिरने के बाद आरोपी ने हथौड़े से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर वारदात में प्रयुक्त सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों मोबाइल फोन तथा आरोपी के खून से सने कपड़े, जूते और मोजे जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 443/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS