
मंत्री गजेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की दी सलाह
CBN36 दुर्ग। साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग को लेकर दुर्ग पुलिस की ओर से शनिवार को एसटीएफ के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस लाइन दुर्ग स्थित प्रशासनिक भवन के दधीचि प्रशिक्षण हॉल में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग के मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों को वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों के तरीकों, ऑनलाइन ठगी के विभिन्न स्वरूपों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित शिकायत और कार्रवाई के लिए उपलब्ध तकनीकी व कानूनी माध्यमों से भी अवगत कराया गया।
सोशल मीडिया के इस्तेमाल में बरतें सावधानी

मंत्री गजेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अनजान व्यक्तियों से आने वाले संदेश, फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदिग्ध लिंक को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने कहा कि OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर सुरक्षा के प्रति परिवार और समाज में भी जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है।
बदलते साइबर अपराधों से अपडेट रहें पुलिसकर्मी
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों से लगातार अपडेट रहने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी, OTP आधारित धोखाधड़ी और ऑनलाइन वित्तीय अपराधों से बचने की सावधानियों की जानकारी दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई।

कार्यक्रम के दौरान एसटीएफ के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने और डिजिटल माध्यमों का सतर्कता के साथ उपयोग करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान मंत्री गजेंद्र यादव ने एसटीएफ जवानों के साथ सामूहिक सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चन्द्रा ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर दुर्ग हर्षित मेहर, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) चन्द्रप्रकाश तिवारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और एसटीएफ के जवान मौजूद रहे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
प्रधान संपादक




