CBN36 नागपुर, 19 सितंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों के साथ महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की बैठक शनिवार को नागपुर के तुली इंपीरियल, रामदासपेठ में हुई। राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यात्री सुविधाओं, रेल विकास, ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं और समयबद्धता समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में संतोष पांडेय के अलावा छिंदवाड़ा के सांसद बंटी विवेक साहू, रामटेक के श्याम कुमार दौलत बर्वे, भंडारा के डॉ. प्रशान्त यादवरावजी पडोले, गढ़चिरोली-चिमूर के नामदेव किरसान, बालाघाट की भारती पारधी, जबलपुर की सुमित्रा बाल्मिक, नागपुर की माया चिंतामन इवनाते, गोंदिया के राजेन्द्र जैन सहित अन्य सांसदों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मंडल रेल प्रबंधक नागपुर दीपक कुमार गुप्ता, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष और नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सांसदों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सांसदों के मार्गदर्शन और सुझावों से रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उप-महाप्रबंधक (सामान्य) की ओर से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें नागपुर मंडल में आधारभूत संरचना के विकास, ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं, अमृत भारत स्टेशन योजना, वन स्टेशन वन प्रोडक्ट, महिलाओं के लिए मेरी सहेली अभियान, रेल मदद हेल्पलाइन 139, यात्री सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई।
सांसदों ने मंडल में चल रहे विकास कार्यों और उपलब्ध यात्री सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं से रेल प्रशासन को अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाएं शुरू करने और ट्रेनों की समयबद्धता से जुड़े सुझाव रखे।
बैठक में विभिन्न स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने सांसदों की ओर से उठाए गए मुद्दों और दिए गए सुझावों को नियमानुसार प्राथमिकता के साथ पूरा करने के प्रयास का भरोसा दिलाया।
अंत में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सभी सांसदों और सांसद प्रतिनिधियों का बैठक में सुझाव देने तथा इसे सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रधान संपादक




