CBN36 दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों के लिए यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस और संबंधित नगर निगम की संयुक्त टीम पिछले 15 दिनों से नेशनल हाईवे, सर्विस रोड और प्रमुख मार्गों पर घूम रहे गौवंश को चिन्हित कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। अभियान के तहत अब तक 1831 गौवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा चुका है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क पर अचानक गौवंश आने से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। विशेषकर नेशनल हाईवे और सर्विस रोड पर रात के समय सड़क पर बैठे या विचरण करते गौवंश वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम प्रमुख मार्गों पर निगरानी कर रही है। सड़क पर मिले गौवंश को सुरक्षित तरीके से मुख्य मार्ग से हटाकर निर्धारित सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे एक ओर गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है, वहीं दूसरी ओर वाहन चालकों को भी अचानक सामने आने वाले खतरे से राहत मिल रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार मार्गों पर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का प्रयास है कि प्रमुख मार्गों पर आवारा या खुले में घूम रहे गौवंश के कारण यातायात प्रभावित न हो और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
पशुपालकों से पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गौवंश को खुले में सड़क पर न छोड़ें। आम नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि सड़क पर गौवंश दिखाई देने पर तत्काल यातायात पुलिस या नगर निगम को सूचना दें। पुलिस के मुताबिक नागरिकों की सहभागिता से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
प्रधान संपादक




