Explore

Search

October 8, 2026 7:08 am

गेरवानी शराब दुकान में पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग, प्राइवेट गार्ड घायल

“जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप, पूंजीपथरा पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर शुरू की आरोपी की तलाश,साइबर, आबकारी और डायल-112 की टीम पहुंची मौके पर”

CBN36 रायगढ़। गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सोमवार देर रात पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग का मामला सामने आया है। फायरिंग में दुकान की सुरक्षा में तैनात प्राइवेट गार्ड चन्द्रशेखर पटेल के पेट में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस, साइबर सेल, आबकारी विभाग और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शराब दुकान के सामने पहुंचा युवक, गाली-गलौज के बाद निकाला हथियार

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि प्राइवेट सुरक्षा कंपनी ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत तैनात चन्द्रशेखर पटेल रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी पर था। सोमवार रात करीब 10:30 बजे एक युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और अपने दोस्त के साथ गाली-गलौज व मारपीट की बात कहते हुए विवाद करने लगा। आरोप है कि युवक ने चन्द्रशेखर को जान से मारने की धमकी दी और अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायरिंग कर दी।

पेट में लगी गोली, आहाता के पीछे छिपकर बचाई जान

फायरिंग के दौरान गोली चन्द्रशेखर पटेल के पेट में लगी। घायल होने के बाद उसने जान बचाने के लिए शराब दुकान के आहाता के पीछे जाकर खुद को छिपाया। इसके बाद उसने अपने साथियों को घटना की जानकारी दी और डायल-112 को सूचना दी।

एसएसपी के निर्देश पर रात में ही पुलिस टीम सक्रिय

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में टीआई पूंजीपथरा रामकिंकर यादव और साइबर टीआई विजय चेलक के नेतृत्व में पूंजीपथरा थाना, साइबर थाना, आबकारी विभाग और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पतासाजी की जा रही है।

हत्या के प्रयास समेत धाराओं में अपराध दर्ज

घायल गार्ड चन्द्रशेखर पटेल की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 206/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग स्तर पर पतासाजी जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

CRIME NEWS

BILASPUR NEWS